देहरादून। दून इंटरनेशनल स्कूल, सिटी कैंपस के छात्रों ने CBSE बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कक्षा 10 और कक्षा 12 दोनों में देहरादून में शीर्ष स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।
कक्षा 12 मानविकी वर्ग में छात्रा ओजस्वी पैन्यूली ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर देहरादून टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। विद्यालय के कुल 58 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि विभिन्न विषयों में छात्रों ने कुल 50 परफेक्ट स्कोर हासिल कर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया।
वहीं कक्षा 10 में रुद्राक्ष रावत ने 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर देहरादून के शीर्ष विद्यार्थियों में अपना स्थान बनाया। कक्षा 10 के परिणाम भी अत्यंत उल्लेखनीय रहे, जहाँ 142 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।
छात्रों ने अंग्रेज़ी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय में 22-22 परफेक्ट स्कोर हासिल किए, जबकि सामाजिक विज्ञान विषय में 8 छात्रों ने पूर्ण अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने छात्रों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं। साथ ही विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों के निरंतर सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
