रिपोर्ट : मनव्वर कुरैशी
पिरान कलियर।आजाद समाज पार्टी ने 14 मई को सहारनपुर में विशाल महा आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में होने वाले इस आंदोलन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
हाजी शमीम साबरी प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद समाज पार्टी उत्तराखंड का कहना है कि यह आंदोलन दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और गरीब वर्गों के अधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और सामाजिक उत्पीड़न जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के सहारनपुर पहुंचने की संभावना है। आंदोलन को सफल बनाने के लिए पार्टी ने गांव-गांव और शहर-शहर जनसंपर्क अभियान भी तेज कर दिया है।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि यह सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं बल्कि “हक और सम्मान की लड़ाई” है। आंदोलन के दौरान बड़ी जनसभा, रैली और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है।
सहारनपुर प्रशासन भी कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हो गया है। शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाने और यातायात व्यवस्था में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
आजाद समाज पार्टी का दावा है कि 14 मई का यह महा आंदोलन प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश देगा और आने वाले समय में संगठन को और मजबूती प्रदान करेगा।
