रिपोर्ट : मनव्वर कुरैशी
रुड़की।दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड नगरीय, 01 सिविल लाइन रुड़की परिसर में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ दीपावली समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता अनिल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए त्योहार की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अभियंता अनिल कुमार मिश्रा ने विभाग के समस्त स्टाफ को दीपावली के उपहार भेंट कर उनके प्रति स्नेह एवं सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की सफलता में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी के आपसी सहयोग, समर्पण और टीम भावना से ही विभागीय कार्यों को बेहतर ढंग से संपन्न किया जा सकता है।
इस अवसर पर कार्यालय परिसर को दीपों एवं रोशनी से सजाया गया। अधिशासी अभियंता एवं उपस्थित कर्मचारियों ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर खुशहाली, सुख-समृद्धि और सकारात्मकता का संदेश दिया। इसके पश्चात सभी ने मिलकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की खुशियां मनाईं।
पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और उल्लास का माहौल देखने को मिला। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे के साथ त्योहार की खुशियां साझा करते हुए आपसी सौहार्द, भाईचारे और एकता का संदेश दिया।
अधिशाषी अभियंता अनिल कुमार मिश्रा की इस पहल से विभागीय कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी कर्मचारियों ने इस आयोजन की जमकर प्रशंसा की।
