रिपोर्ट : मनव्वर कुरैशी
पानीपत।दरगाह शाह विलायत हुजूर हजरत ख्वाजा शमशुद्दीन तुर्क पानीपती रहमतुल्लाह अलैह के 747वें सालाना उर्स एवं मेले के पावन अवसर पर धार्मिक आस्था, सूफी परंपरा और आपसी भाईचारे का खूबसूरत नजारा देखने को मिला। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने दरगाह पर पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और सूफी संत की दरगाह पर अकीदत के साथ हाजिरी लगाई।
दरगाह पहुंचने पर सज्जादा नशीन सय्यद ख्वाजा हाफिज मेराज हुसैन साबरी ने डॉ. अर्चना गुप्ता का बुके भेंट कर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान दरगाह परिसर में मौजूद लोगों ने उनका अभिनंदन किया। उर्स के अवसर पर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं और अकीदतमंदों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की रौनक को और बढ़ा दिया।
इस विशेष अवसर पर दक्षिण अफ्रीका स्थित खानकाहे साबरिया जिलानिया से रियाज साबरी ने भी शिरकत की। उनकी उपस्थिति ने इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सूफी परंपरा से जुड़े लोगों के आपसी जुड़ाव का संदेश दिया।
उर्स के दौरान डॉ. अर्चना गुप्ता ने दरगाह पर चादरपोशी कर हजरत ख्वाजा शमशुद्दीन तुर्क पानीपती रहमतुल्लाह अलैह के प्रति अपनी अकीदत और श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली, तरक्की, आपसी सौहार्द और भाईचारे की मजबूती के लिए विशेष दुआ की गई। सभी ने समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
दरगाह शाह विलायत का 747वां सालाना उर्स केवल एक धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि गंगा-जमुनी तहजीब, सांप्रदायिक सौहार्द और इंसानियत के पैगाम को आगे बढ़ाने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर रहा। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर आपसी प्रेम, सम्मान और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर इस्तखार अमन साबरी कलियर शरीफ, सूफी इसरार साबरी, सोहराब साबरी, बाबर खां साबरी, हाजी तालिब, फहीम साबरी, फरजंद अली वारसी, आफताब साबरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं अकीदतमंद मौजूद रहे। सभी ने उर्स के सफल आयोजन में अपनी सहभागिता निभाई और दरगाह पर हाजिरी लगाकर मुल्क में अमन-शांति एवं खुशहाली की दुआ की।
