रिपोर्ट :- मनव्वर कुरैशी
पिरान कलियर। पिरान कलियर कोतवाली में नव नियुक्त प्रभारी निरीक्षक सी ओ दिव्येश उपाध्याय ने विधिवत कार्यभार ग्रहण करने के बाद ताबड़तोड़ कार्यवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।उन्होंने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर सी ओ दिव्येश उपाध्याय ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाना पुलिस की पहली प्राथमिकता होगी और इसके लिए सख्त एवं प्रभावी कार्यवाई की जाएगी।
नवनियुक्त प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा, शांति व्यवस्था बनाए रखना तथा अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस जनता के सहयोग से क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था स्थापित करने का कार्य करेगी।
सीओ ने कहा कि पिरान कलियर एक संवेदनशील और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि चोरी, नशा तस्करी, अवैध गतिविधियों, गुंडागर्दी और अन्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच, रात्रि गश्त और खुफिया तंत्र को और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और त्वरित निस्तारण किया जाएगा तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यभार ग्रहण करने के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नव नियुक्त प्रभारी निरीक्षक का स्वागत किया तथा क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग और जनसहयोग के माध्यम से कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी नए प्रभारी निरीक्षक से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने और आमजन की समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई।
