हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धारीवाला में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण कैबिनेट ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के साथ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं से उनके बलिदान और शौर्य के प्रति आगामी पीढ़ी प्रेरित होती है।
ग्राम धारीवाला में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के सौजन्य से वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित की गई। जिसका शनिवार को भव्य समारोह में अनावरण हुआ।
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के अवसर पर कैबिनेट ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि महाराणा प्रताप ऐसे शूरवीर योद्धा हुए जिन्होंने समझौता करने के बजाय संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के बलिदानों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। ऐसे महापुरुषों के बलिदान से ही आज देश में लोकतंत्र और जनता का शासन है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं से उनके बलिदान की जानकारी युवा पीढ़ी को मिलती है ओर उनके बलिदानों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का साहस मिलता है। उन्होंने महाराणा प्रताप के जीवन को संघर्षमयी जीवन बताते हुए कहा कि यदि विपरित परिस्थितियों में वे समझौता कर लेते तो देश में विदेशी ताकतों की सत्ता होती। उन्होंने युवाओं को उन्हें अपना प्रेरणास्रोत बनाकर देशहित में कार्य करने को आहृवान किया।
