हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में प्रतिबंधित क्षेत्र में ऑनलाइन माध्यम से नॉनवेज डिलीवरी किए जाने के विरोध में बुधवार को श्री अखंड परशुराम अखाड़े के कार्यकर्ताओं ने पुराना रानीपुर मोड़ स्थित परशुराम चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने रैपिडो कंपनी पर धार्मिक परंपराओं और स्थानीय नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए वर्षों पूर्व नगर पालिका बायलॉज के तहत मांस एवं मदिरा की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बावजूद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से नॉनवेज की डिलीवरी किया जाना धर्मनगरी की मर्यादा और परंपराओं का खुला उल्लंघन है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं के जरिए बिना पर्याप्त निगरानी के किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या विस्फोटक सामग्री भेजे जाने की आशंका भी बनी रहती है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। पंडित अधीर कौशिक ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
भागवताचार्य पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने कहा कि हरिद्वार और मां गंगा के प्रति देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। धर्मनगरी की गरिमा और धार्मिक भावनाओं के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से धार्मिक मान्यताओं और स्थानीय नियमों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की।
