रिपोर्ट : मनव्वर कुरैशी
मंगलौर। सहकारी बैंक मंगलौर शाखा द्वारा वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पीरपुरा में ग्राम प्रधान मोहम्मद इंतजार के आवास पर एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक के शाखा प्रबंधक प्यारे लाल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से सतर्क रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी लोगों को फोन कॉल, फर्जी लिंक, मैसेज, सोशल मीडिया और ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना एटीएम कार्ड नंबर, पिन, ओटीपी, सीवीवी, बैंक खाता विवरण या पासवर्ड साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या लालच भरे ऑफर के झांसे में आने से बचें।
शाखा प्रबंधक ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो वह बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि को बचाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग, यूपीआई भुगतान, मोबाइल बैंकिंग और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैंक समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सुरक्षित बैंकिंग के प्रति जागरूक करता रहेगा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान मोहम्मद इंतजार ने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे बैंक अधिकारियों द्वारा दी गई सलाह का पालन करें और दूसरों को भी साइबर ठगी से बचाव के बारे में जागरूक करें।
संगोष्ठी में उपस्थित ग्रामीणों ने बैंक अधिकारियों से साइबर सुरक्षा और डिजिटल लेनदेन से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विस्तार से समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सुरक्षित बैंकिंग अपनाने तथा साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रधान मोहम्मद इंतजार, प्रधान मुजफ्फर अली, हाजी इरफान, जाहिद मुखिया, अली जान, रईस अहमद,बिजेंदर, अफजाल, सत्तार आदि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Don't Miss

error: Content is protected !!