रिपोर्ट : तसलीम अहमद
रुड़की।कोतवाली रुड़की क्षेत्र के डंढेरा स्थित एक बैग की दुकान स्वामी पर इतवार को पुरानी रंजिश के चलते कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी ने आरोप लगाया है कि चार लोगों ने उसकी दुकान में घुसकर हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, पीरपुरा निवासी समीर पुत्र तहसीन डंढेरा में बैग की दुकान संचालित करते हैं। समीर का आरोप है कि शाहिद पुत्र ताहिर, राशिद पुत्र ताहिर निवासी पीरपुरा तथा उनके साथ आए दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने पुरानी रंजिश के चलते उनकी दुकान पर पहुंचकर हमला कर दिया। आरोप है कि चारों ने मिलकर समीर के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया।
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों के तेवर बेहद आक्रामक थे और स्थिति को देखते हुए उसने किसी तरह दुकान का शटर बंद कर अपनी जान बचाई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल समीर ने पूरे मामले की शिकायत एसपी देहात रुड़की तथा कोतवाली सिविल लाइन में लिखित तहरीर देकर की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।
समीर का कहना है कि यदि आरोपियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में उसके साथ कोई बड़ी घटना भी हो सकती है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और व्यापारियों में सुरक्षा की भावना कायम रह सके।

Don't Miss

error: Content is protected !!