अजीतपुर/हरिद्वार। ग्राम पंचायत अजीतपुर स्थित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान ध्वजारोहण के बाद स्कूली बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के पूर्व सेवार्थ कुंवरपाल सिंह चौहान मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप ने विद्यालय के नौनिहालों से किया अपना वादा पूरा करते हुए विद्यालय परिसर में नवनिर्मित टिन शेड का लोकार्पण किया।

ग्राम प्रधान ने नवनिर्मित टिन शेड को भारत की प्रथम महिला शिक्षिका राष्ट्रमाता सावित्रीबाई फुले को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना और विद्यालयों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना ग्राम पंचायत की प्राथमिकता है। बच्चों की शिक्षा और सुविधाओं के लिए पंचायत स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में बीएचईएल से शेखर कुमार और कुलदीप चौहान, वरिष्ठ पत्रकार अरुण कश्यप, मितेन्द्र सिंह राणा, सतपाल चौहान, डॉ. विजेंद्र सिंह चौहान, मोहित कश्यप, मनीष, सुधीर कश्यप एवं संजय कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान दोनों विद्यालयों की प्रधानाध्यापिकाओं, समस्त शिक्षकगण एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की गरिमामयी मौजूदगी रही। कार्यक्रम के समापन पर ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस के उत्साह के साथ शिक्षा, सामाजिक सहभागिता और बच्चों के बेहतर भविष्य के प्रति ग्राम पंचायत की प्रतिबद्धता भी स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
