रिपोर्ट : मनव्वर कुरैशी
रुड़की।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मदरसा रहमानिया रुड़की में यौमे आजादी का जश्न बड़े हर्षौल्लास के साथ मनाया गया।इस मौके पर देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान मदरसा परिसर में तिरंगा झंडा पूरे सम्मान और गरिमा के साथ फहराया गया। इस अवसर पर राष्ट्रगान के साथ देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तराखंड शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉक्टर सुरजीत सिंह व उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा।उन्होंने तिरंगा फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। डॉक्टर सुरजीत सिंह ने कहा कि देश की आजादी हमारे लिए गौरव का विषय है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाने में अपना योगदान दे।
कार्यक्रम का आयोजन मदरसा रहमानिया रुड़की के प्रशासक हाजी मुहम्मद मुस्तकीम के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान मदरसे के शिक्षक, छात्र एवं अन्य लोग मौजूद रहे। छात्रों ने देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत कर स्वतंत्रता दिवस के महत्व को रेखांकित किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
मदरसा प्रशासक हाजी मुस्तकीम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने सभी से आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ देश की तरक्की में योगदान देने की अपील की।वही कार्यक्रम में पहुंचे उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने अपने संबोधन में मदरसा रहमानिया के शिक्षक, छात्र छात्राओं और उपस्थितगणों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए शिक्षा और आपसी भाईचारे पर जोर दिया और मदरसे में पौधारहण कार्यक्रम में पौधे लगाए,और वही लगे रक्तदान शिविर का भी शुभारंभ कराया गया रक्तदान में अधिक सेअधिक लोगों को भाग लेने के लिए प्रेरित किया।मदरसा रहमानिया के प्रिंसिपल मोलाना अज़हारुल हक साहब ने भी यौमे आजादी की मुबारकबाद देते हुए देशहित में कार्य करने और जंगे आजादी में शहीद हुए शहीदों को खिराजे अकीदत पेश की।
कार्यक्रम के अंत में देश की खुशहाली, अमन-चैन और तरक्की के लिए दुआ की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान मदरसा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी देकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इस मौके पर मौलाना अरशद कासमी,मुफ्ती मोहम्मद सलीम,मुफ्ती अंसार,मौलाना शदाकत, मौलाना यूसुफ,कारी अहतशाम,कारी शाबान,कारी महमूद,कारी कलीमुद्दीन, मास्टर शहजाद,मास्टर इसरार,कमरुज्जमा,अब्दुल रब,अफजल मंगलौरी सहित मदरसे का समस्त स्टाफ व छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
