रिपोर्ट : गुलज़ार अहमद
रुड़की।(एचआरडीए) ने ग्राम शिकारपुर में ग्राम समाज की भूमि पर हो रहे अवैध दो मंजिला निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया और भवन को सील कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम शिकारपुर में ग्राम समाज की भूमि पर बिना अनुमति दो मंजिला भवन का निर्माण तेजी से किया जा रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा लगातार इसकी शिकायत प्रशासन और एचआरडीए से की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद एचआरडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें निर्माण कार्य नियमों के विपरीत और बिना वैध स्वीकृति के पाया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विकास पुत्र बिजेन्दर उर्फ माँगा निवासी ग्राम शिकारपुर निर्माणकर्ता के पास न तो मानचित्र स्वीकृत था और न ही भूमि संबंधी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध थे। इसके बाद एचआरडीए अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्माण कार्य को तुरंत बंद कराया और मौके पर ही भवन को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि ग्राम समाज की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने एचआरडीए की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से सरकारी और ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही थी। अब प्रशासन की सख्ती से लोगों में भरोसा बढ़ा है।
एचआरडीए अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!