रुद्रपुर। गंगापुर रोड स्थित प्रस्तावित शिव कॉरिडोर परियोजना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद मंगलवार को महापौर विकास शर्मा ने पर्यटन विभाग, कुमाऊं मंडल विकास निगम, परिवहन विभाग और नगर निगम अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को परियोजना का ड्राफ्ट शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि शिव कॉरिडोर रुद्रपुर की नई पहचान और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा। इस परियोजना के तहत गोल्ज्यू मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को जोड़ा जाएगा। साथ ही सर्व समाज की संस्कृति को दर्शाने वाले मंदिर, आधुनिक पार्किंग, घाट, विश्राम गृह और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कॉरिडोर को वेडिंग डेस्टिनेशन और धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा। महापौर ने उम्मीद जताई कि जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
