रिपोर्ट:मनव्वर कुरैशी
हरिद्वार/“इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं, जरूरतमंद की सेवा से बड़ी कोई इबादत नहीं और किसी दुखी चेहरे पर मुस्कान लाने से बड़ा कोई पुण्य नहीं।”

इसी पवित्र भावना को आगे बढ़ाते हुए भारतीय सर्व धर्म सेवा ट्रस्ट द्वारा सम्मानित धर्मगुरु हज़रत मौलाना अब्दुल खालिद मदरसी साहब को संस्था का संरक्षक मनोनीत किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदिल फरीदी एवं अन्य पदाधिकारियों ने मौलाना साहब को विधिवत संरक्षक मनोनयन पत्र सौंपकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आदिल फरीदी ने कहा कि समाज में आज भी अनेक ऐसे परिवार हैं, जो गरीबी, बीमारी और मजबूरियों से जूझ रहे हैं। कहीं कोई मां अपने बच्चे के इलाज के लिए परेशान है, तो कहीं कोई बुजुर्ग सहारे की उम्मीद में जीवन गुजार रहा है। ऐसे जरूरतमंदों के आंसू पोंछना और उनके जीवन में उम्मीद की किरण जगाना ही संस्था का वास्तविक उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि मौलाना साहब की सरपरस्ती और मार्गदर्शन से संस्था को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। ट्रस्ट शिक्षा, स्वास्थ्य, गरीब परिवारों की सहायता, सामाजिक एकता और सर्वधर्म सद्भाव के क्षेत्र में कार्य करने के अपने संकल्प को आगे बढ़ाएगा।

संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और गिरजाघर सभी मानवता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं। किसी जरूरतमंद की सहायता करते समय उसका धर्म या जाति नहीं, बल्कि उसका दर्द और उसकी मजबूरी देखनी चाहिए।

भारतीय सर्व धर्म सेवा ट्रस्ट ने संविधान के समानता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों को समाज में मजबूत करने तथा सभी धर्मों और वर्गों के लोगों को साथ लेकर जनसेवा करने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आदिल फरीदी, इसरार, उमर एवं सुमित प्रजापति सहित संस्था के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मौलाना साहब के संरक्षक बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

संस्था ने संदेश दिया कि जीवन की सबसे बड़ी कमाई धन-दौलत नहीं, बल्कि किसी गरीब की दुआ, किसी मजबूर का सहारा और किसी दुखी इंसान के चेहरे की मुस्कान है।

Don't Miss

error: Content is protected !!