रिपोर्ट : मनव्वर कुरैशी
पानीपत। ख्वाजा शमसुद्दीन तुर्क पानीपती शाह विलायत साहब रहमतुल्ला अलैय के सज्जादा नशीन ख्वाजा सय्यद हाफिज मेराज हुसैन साबरी ने प्रेस वार्ता कर मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया है कि सूफी संतों की सरजमीं पानीपत में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महान सूफी संत, हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक रहमतुल्लाह अलैह के लाड़ले और इकलौते खलीफा, महबूब-ए-ख्वाजा हाफिज शमसुद्दीन तुर्क पानीपती शाह विलायत साहब रहमतुल्लाह अलैह का 747वां सालाना उर्स मुबारक बड़ी अकीदत, एहतराम और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
यह तीन दिवसीय नूरानी सालाना उर्स 20, 21 और 22 नवंबर 2026, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को दरगाह हजरत शाह विलायत साहब, वार्ड नंबर 8, संदौली रोड, पानीपत (हरियाणा) में आयोजित किया जाएगा।
उर्स मुबारक का आयोजन सज्जादानशीन ख्वाजा सय्यद हाफिज मेराज हुसैन साबरी की सरपरस्ती में किया जाएगा। वहीं इस पूरे आयोजन की जिम्मेदारी अंजुमन गुलामाने चिश्तिया साबरिया वेलफेयर सोसाइटी (रजिस्टर्ड) द्वारा संभाली जाएगी।
तीन दिवसीय इस मुबारक उर्स के अवसर पर दरगाह पर अकीदतमंदों की आमद होगी और लोग हजरत शाह विलायत साहब रहमतुल्लाह अलैह के दरबार में अपनी अकीदत के फूल पेश करेंगे। उर्स का यह अवसर आपसी भाईचारे, मोहब्बत, इंसानियत, रूहानियत और सूफी संतों की शिक्षाओं को याद करने का एक खास मौका होगा।
हजरत शाह विलायत साहब रहमतुल्लाह अलैह की जिंदगी और उनकी रूहानी तालीमात ने हमेशा लोगों को मोहब्बत, अमन, इंसानियत और खिदमत-ए-खल्क का पैगाम दिया है। उनका सालाना उर्स अकीदतमंदों के लिए रूहानी फैज और बरकत हासिल करने का एक अहम अवसर है।
अंजुमन गुलामाने चिश्तिया साबरिया वेलफेयर सोसाइटी (रजिस्टर्ड) की ओर से तमाम अकीदतमंदों, मुरीदीन, जायरीन और आम लोगों से पुरखुलूस गुजारिश की गई है कि वे इस तीन दिवसीय सालाना उर्स मुबारक में अधिक से अधिक संख्या में शिरकत फरमाएं और हजरत शाह विलायत साहब रहमतुल्लाह अलैह के दरबार से रूहानी फैज और बरकत हासिल करें।
स्थान: दरगाह शाह विलायत साहब, वार्ड नंबर 8, संदौली रोड, पानीपत, हरियाणा।
दिनांक: 20, 21 एवं 22 नवंबर 2026 (शुक्रवार, शनिवार एवं रविवार)।
आप सभी की आमद मरहबा, इस्तकबाल है।

Don't Miss

error: Content is protected !!