हरिद्वार , कप्तान नवनीत सिंह के नेतृत्त्व में हरिद्वार पुलिस ने चोरी हुई चार माह की बच्ची को सकुशल बरामद कर पूरी घटना का खुलासा किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक कथित झाड़-फूंक करने वाला बाबा और एक दंपत्ति शामिल हैं। घटना रोडि बेलवाला विष्णु घाट के पास की बताई जा रही है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी गलती से बच्ची को लड़का समझकर चोरी कर ले गये थे।
पिछले महीने 27 तारीख की रात में हरिद्वार के विष्णु घाट पर आए एक परिवार के बीच से उनकी चार माह की बच्ची चोरी हो गई थी। परिवार गंगा स्नान करने के बाद हाथी पुल के निकट पेड़ के नीचे सो रहा था। सुबह उठने पर बच्चे का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए बच्ची की सुरक्षित बरामदगी के लिए विशेष टीमें गठित कीं गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी का नेटवर्क ट्रेस कर उसकी लोकेशन के माध्यम से आरोपियों की गिरफ्तारी की। पूछताछ से खुलासा हुआ कि आरोपी दंपत्ति और उनके साथ रहने वाला एक ‘बाबा’ ब्रह्मपुरी क्षेत्र में बने झोपड़ी में रहते थे। दबिश के दौरान मौके से बाबा सत्यपाल और दंपत्ति को बच्ची के साथ पकड़ लिया। जिसके बाद बच्ची को सकुशल परिजनों के हवाले कर दिया गया। आरोपियों ने बताया कि पैसे के लालच में लड़का समझकर बच्ची की चोरी की गई थी। आरोप है कि तभी महिला के चचेरे भाई ने बताया कि एक दंपत्ति को बेटी के बदले तीन लाख रुपये दिए जाएंगे। बड़ी रकम के लालच में दंपत्ति और बाबा ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
