हरिद्वार। महापौर नगर निगम, हरिद्वार प्रतिनिधि अशोक शर्मा की पहल पर आगामी निगम व लोकसभा चुनाव को देखते हुए पार्षदों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक महापौर कार्यालय कृष्णा नगर कनखल में आहूत की गई। जिसकी अध्यक्षता महापौर श्री मति अनिता शर्मा व संचालन वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुनील कुमार ने की। बैठक में सर्वप्रथम महापौर ने उपस्थित सभी पार्षदों व कार्यकर्ताओं का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।

बैठक में पार्षद सुहैल कुरेशी ने कहा की गुटबाजी को छोड़ कर हमें कर्नाटक चुनाव की तरह एकजुट होकर लड़ना है। जिससे निश्चित ही हमारी विजय होगी। उन्होंने कहा की हमें मेयर के कार्यकाल में हुए जनहित के कार्यों की एक सूची बनाते हुए पैंपलेट छपवाने चाहिए और उन्हें घर घर पहुंचना चाहिए। पार्षद उदयवीर ने कहा की हमें महापौर द्वारा अपने कार्यकाल में किए गए ऐतिहासिक कार्यों को जनता की बीच जाकर बताना होगा। उन्होंने कहा की विपक्षी दल हमारे खिलाफ दुष्प्रचार का सहारा लेते हैं और हमारे कामों को अपना बताकर श्रेय लेने का काम करते हैं।युवा नेता भुवन महेंद्रू ने कहा की कांग्रेस धरातल पर काम करती है लेकिन उसका प्रचार न होने के कारण कांग्रेस के कामों को जनता जान नहीं पाती। इसलिए हमें महापौर और पार्षदों द्वारा किए गए कामों को सोशल मीडिया माध्यम से बताना होगा।

सुनील कुमार ने कहा की महापौर लोगों को सेवा में 24 घण्टे जनहित के काम कर रहे है वहीं महापौर प्रतिनिधि अशोक शर्मा जी भी लोगों को समस्याओं को तत्काल निवारण करते देखे जा सकते हैं, वे न दिन देखते है और न रात। बस जनता की सेवा में लगे रहते हैं। वरिष्ठ पत्रकार मनोज सैनी ने कहा की नगर निगम के चुनाव स्थानीय समस्याओं को लेकर होते हैं। इसलिए मेयर श्रीमति अनिता शर्मा द्वारा अपने कार्यकाल में किए गए एतिहासिक कामों जैसे निगम की भूमि पर हुए अवैध कब्जों से उन्हें मुक्त कराना, कूड़ा प्वाइंट को शहर से हटाकर उनकी जगह सौंदर्यकरण करना, कूड़ा निस्तारण के लिए प्लांट लगवाना, स्थानीय विधायक द्वारा बनवाए गए पुस्तकालयों के दर्शन कराना,जिसमें किताबें नहीं शराब व भूसा भरा हुआ मिलना, वर्षों से बेहतर अस्पताल के लिए तरस रहे नगरवासियों के लिए सरकार को अस्पताल के लिए निगम की भूमि देना आदि ऐसे अनेकों जनहित के काम है जिन्हे घर घर जाकर जनता को बताना होगा।

महापौर मति अनिता शर्मा ने कहा की नगर की जनता देख रही है कौन धरातल पर काम कर रहा है और हवा हवाई बातें कर रहा है। उन्होंने कहा की जिस विश्वास के साथ जनता ने मुझे विजयी बनाया था मैने उनके विश्वास पर खरा उतरने का भरपूर प्रयास किया है। मेरे दरवाजे नगर की जनता के लिए हमेशा खुले है। उन्होंने कहा की अब तो खुद भाजपाई कहने लगे हैं की मैडम आप बहुत अच्छा काम कर रही हो। उन्होंने कहा की निगम की बेशकीमती जमीनों पर किसी भी सूरत में अवैध कब्जे नहीं होने दूंगी। उन्होंने कांग्रेसी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया की आगामी निगम व लोकसभा चुनाव कर्नाटक की तर्ज पर एकजुट होकर लड़ें जिससे निश्चित ही जीत कांग्रेस की होगी। उन्होंने नगर की साफ सफाई को लेकर भी अपने विचार रखे। बैठक में मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा ने कहा की हमने विपरित परिस्थितियों में भी जनता के हित के लिए काम किया है और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने कहा की जनता अब जान चुकी है की कौन काम कर रहा है और कौन सिर्फ कागजों में काम कर रहा है। उन्होंने कहा की आने वाले समय में नगर के विकास और निगम संपत्ति पर हुए कब्जों को ढोल नगाड़ों के साथ खाली कराया जाएगा।

Don't Miss

error: Content is protected !!