हरिद्वार के रोशनाबाद गांव की अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने पिछले साल हुए टोक्यो ओलंपिक में देश का नाम विश्वभर में रोशन किया। वंदना ने टोक्यो ओलंपिक में हैट्रिक लगाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई साथ ही विश्व पटल पर देश का नाम रोशन किया। वंदना कटारिया ओलंपिक हॉकी में हैट्रिक लगाने वाली पहली महिला है।हैट्रिक गर्ल वंदना कटारिया को अर्जुन अवार्ड के बाद पद्मश्री मिलने से हरिद्वार में जश्न का माहौल है। वंदना के गांव से लेकर प्रदेश के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
आपको बता दे कि वंदना कटारिया ने अपने गांव रोशनाबाद हरिद्वार का नाम एक बार फिर रोशन किया है। हॉकी में वंदना कटारिया द्वारा अर्जित की गई विभिन्न उपलब्धि पर पिछले साल वंदना कटारिया को भारत सरकार की ओर से अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया। मंगलवार को भारत सरकार ने वंदना कटारिया को पद्मश्री से सम्मानित करने की घोषणा की। वंदना को पद्मश्री अवार्ड मिलने से ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी की लहर है।
महिला हॉकी टीम की अहम खिलाड़ी वंदना कटारिया का सबसे पहले चयन जूनियर टीम में 2006 में हुआ था और वंदना कटारिया 2010 में भारत की राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम में चयनित हुई।जर्मनी देश में 2013 में हुए जूनियर वर्ल्ड कप चैंपियनशिप में ब्रोंज मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का वंदना कटारिया हिस्सा थी।2014 में कनाडा में हुए कॉमन वेल्थ गेम्स में भी भारतीय टीम का हिस्सा वंदना कटारिया रही।वंदना कटारिया को हॉकी इंडियन प्लेयर ऑफ द ईयर का अवार्ड भी 2014 में मिल चुका है।वंदना कटारिया भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान भी रह चुकी है।2016 ओलंपिक मे वंदना कटारिया भारतीय टीम का हिस्सा बनी।2018 चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय महिला हॉकी टीम ने सिल्वर मेडल जीता वंदना कटारिया एशियन चैंपियन ट्रॉफी में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनी। 2020 में हुए टोक्यो ओलंपिक में वंदना कटारिया ओलंपिक हॉकी में हैट्रिक लगाने वाली पहली महिला बनी।2021 में केंद्र सरकार के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की वंदना कटारिया को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया।
वंदना कटारिया के भाई पंकज कटारिया और बहन अंजलि कटारिया ने बताया कि वंदना ने पिता के सपने को साकार कर उनको सच्ची श्रद्धांजलि दी है। परिजनों ने बताया कि वंदना को पद्मश्री मिलने की खबर से गांव में जश्न का माहौल है। वंदना के गांव पहुंचने पर उसका भव्य स्वागत किया जाएगा।