रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद
लक्सर।नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर क्षेत्र में रविवार सुबह एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। जामा मस्जिद के निकट निवासी संजीदा पत्नी मौ० मोमिन ने आरोप लगाया है कि 15 फरवरी 2026 की सुबह हाजी वाली मस्जिद के पास, पीएनबी मिनी ब्रांच के पीछे स्थित वार्ड नंबर 7 में उनके घेर के पास यह घटना हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घेर के बराबर में शाहनजर मिस्त्री का एक खाली प्लॉट है, जिसकी अनुमति से संजीदा दिन में अपनी गाय बांधती हैं। रविवार सुबह गाय की तबीयत खराब होने के कारण उसके मलमूत्र के छींटे पास खड़ी एक कार पर पड़ गए।
आरोप है कि कार स्वामी मेहरबान पुत्र जमील अपने तीन पुत्रों-नवाब, नवाजिश और आवेश-के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने आते ही गाय को मारना शुरू कर दिया और महिला के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई।इसी दौरान महिला का छोटा पुत्र महबूब भी मौके पर मौजूद था। वह अपनी मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। घटना में महिला के हाथ तथा उसके पुत्र की टांग में गंभीर चोटें आईं।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि इस प्रकार की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं पहले भी आरोपी पीड़िता को गाउ वंश ना पालने की धमकियां दे चुके हैं मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस द्वारा जांच की कार्यवाई जारी थी।
