रिपोर्ट:मनव्वर कुरैशी
रुड़की।झबरेड़ा क्षेत्र के इकबालपुर में शुक्रवार को वरिष्ठ समाजसेवी आदिल फरीदी की पहल पर लाइफ केयर हॉस्पिटल ने अपनी सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ किया। वर्षों से इलाज के लिए शहरों की दौड़ लगाने को मजबूर ग्रामीणों के लिए यह अस्पताल किसी राहत से कम नहीं है।
झबरेड़ा और आसपास के गांवों में अब तक बड़े और आधुनिक अस्पताल के अभाव में गंभीर मरीजों को रुड़की,हरिद्वार या दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता था। आर्थिक तंगी और दूरी के चलते कई बार समय पर इलाज भी संभव नहीं हो पाता था। इसी पीड़ा को समझते हुए आदिल फरीदी ने पहले क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों को राहत पहुंचाई, लेकिन जब समस्या का स्थायी समाधान जरूरी लगा, तो उन्होंने इकबालपुर में एक पूर्ण सुविधायुक्त अस्पताल स्थापित करने का निर्णय लिया।लाइफ केयर हॉस्पिटल का उद्घाटन झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाटी, पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल समेत क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।इस मौके पर आदिल फरीदी ने कहा कि उनका उद्देश्य मुनाफा नहीं, बल्कि सेवा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार महंगे अस्पतालों का खर्च वहन नहीं कर पाते, ऐसे में लाइफ केयर हॉस्पिटल में न्यूनतम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। अस्पताल में जांच, ऑपरेशन, इमरजेंसी सेवाओं सहित आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
उद्घाटन अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने आदिल फरीदी को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी और कहा कि लाइफ केयर हॉस्पिटल आने वाले समय में झबरेड़ा क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। स्थानीय ग्रामीणों ने भी उम्मीद जताई कि अब उन्हें इलाज के लिए शहरों के चक्कर काटने से निजात मिलेगी।
